जेसीबी से खोद डाला सरकारी रास्ता! दो गांवों का संपर्क टूटा, काली माता मंदिर तक पहुंचना भी हुआ मुश्किल
बम्होरी-भितरिया मार्ग अवरुद्ध, ग्रामीणों और मंदिर महंत ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार
अरविंद द्विवेदी
लवकुशनगर। तहसील के बम्होरी और भितरिया गांव को जोड़ने वाले मुख्य सरकारी मार्ग को कथित रूप से जेसीबी मशीन से खोदकर नाले में तब्दील किए जाने का मामला सामने आया है। मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से दोनों गांवों के बीच आवागमन ठप हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंगों ने मनमानी करते हुए सरकारी रास्ते को बंद कर दिया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। मामले की शिकायत तहसीलदार सुप्रिया बागरी से की गई है, जिन्होंने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के हरिशंकर भड़ेरिया और अंजू तिवारी ने जेसीबी लगाकर सरकारी मार्ग को खोद दिया। रास्ता इतना क्षतिग्रस्त हो गया है कि अब वहां से दोपहिया वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। इससे रोजमर्रा की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
प्राचीन काली माता मंदिर का मार्ग भी बाधित
विवादित रास्ते पर क्षेत्र का प्रसिद्ध एवं प्राचीन काली माता मंदिर स्थित है। मार्ग बंद होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और मंदिर के महंत अवधेशानंद गिरि जी महाराज को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मार्ग को अवरुद्ध कर लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई गई है।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, प्रशासन हरकत में
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंदिर महंत के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार सुप्रिया बागरी को लिखित शिकायत सौंपकर सरकारी रास्ते को तत्काल बहाल कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने संबंधित पटवारी को मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जांच करने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जांच रिपोर्ट पर टिकी ग्रामीणों की उम्मीदें
सरकारी मार्ग को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसे मामलों को और बढ़ावा मिलेगा। अब सभी की निगाहें प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
इनका कहना है
"इस मामले का प्रकरण तहसील में विचाराधीन है। संबंधित पटवारी को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सुप्रिया बागरी, तहसीलदार, लवकुशनगर



देश में UCC लागू करने वाले राज्यों की सूची में शामिल हुआ मध्य प्रदेश, विधानसभा से बिल पास
राहुल गांधी का बड़ा विरोध प्रदर्शन, पीएम आवास के बाहर रातभर धरने का ऐलान
कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन, राहुल गांधी के साथ सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध
जेल से बाहर आते ही बनाई गैंगस्टर स्टाइल रील, रीवा पुलिस ने दबोचकर उतारा 'बॉस' का भूत
दो महीने पहले हुई थी शादी, मायके में नवविवाहिता ने दी जान