नशा मुक्त समाज की ओर श्री कृष्णा विश्वविद्यालय की पहल, गोद ग्राम छिरावल में निकाली जागरूकता रैली
'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो' के नारों से गूंजा गांव, विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
छतरपुर। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान के तहत श्री कृष्णा विश्वविद्यालय, छतरपुर द्वारा गोद ग्राम छिरावल में व्यापक नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली 2.0 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर से कुलगुरु द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
गोद ग्राम छिरावल के प्रमुख मार्गों से निकली जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत", "युवा जागे, देश आगे बढ़े" और "नशे से दूरी, जीवन में खुशहाली" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
रैली के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पैरामेडिकल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा सिंह चंदेल ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि युवाओं और ग्रामीणों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वस्थ समाज की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें।


राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
नशे के खिलाफ चंदला पुलिस का जनजागरण अभियान, युवाओं से किया नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान
विक्षिप्त ब्राह्मण को मांस खिलाकर वीडियो बनाने का आरोप, चंदला थाने पहुंचे समाज के लोग
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार