छतरपुर और खजुराहो में होगा ठहराव, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों को मिलेगा सीधा लाभ

छतरपुर। बुंदेलखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सुविधा की मांग कर रहे यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने प्रयागराज–यशवंतपुर (बेंगलुरु)–प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (04149/04150) चलाने का निर्णय लिया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस ट्रेन का महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन, छतरपुर और खजुराहो में भी ठहराव रहेगा। इससे छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

नई ट्रेन के संचालन से अब बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को झांसी, सतना या बीना जाकर ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। विशेष रूप से आईटी सेक्टर में कार्यरत युवाओं, छात्रों, व्यापारियों और दक्षिण भारत आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।

ऐसा रहेगा ट्रेन का समय

ट्रेन संख्या 04149 (प्रयागराज–यशवंतपुर) प्रत्येक शुक्रवार सुबह 5:00 बजे प्रयागराज से रवाना होगी और दोपहर 12:13 बजे छतरपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन शनिवार शाम 6:30 बजे यशवंतपुर (बेंगलुरु) पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 04150 (यशवंतपुर–प्रयागराज) प्रत्येक रविवार रात 11:30 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 4:40 बजे छतरपुर पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

ट्रेन प्रयागराज, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, छतरपुर, खजुराहो, ललितपुर, भोपाल, इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद और यशवंतपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।

बुंदेलखंड को होंगे बड़े फायदे

इस नई रेल सेवा से बेंगलुरु और दक्षिण भारत में पढ़ाई या नौकरी कर रहे युवाओं की यात्रा आसान होगी। वहीं खजुराहो विश्व धरोहर स्थल और बागेश्वर धाम जैसे धार्मिक स्थलों तक दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

रेलवे की इस सौगात से पूरे बुंदेलखंड में खुशी का माहौल है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाते समय सीट उपलब्धता और आरक्षण की जानकारी लेकर समय रहते अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें।