बैठक से गैरहाजिर 59 प्राचार्यों पर शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए कारण बताओ नोटिस, एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश
छतरपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रैकवार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने वाले 59 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई थी। बैठक के दौरान विभाग द्वारा संचालित 12 प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि 59 प्राचार्य बिना किसी पूर्व अनुमति या सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहे। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों एवं विभागीय प्रावधानों के तहत आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को जिले में प्रशासनिक अनुशासन कायम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


'यजमान' टिप्पणी के बाद नरम पड़े कांग्रेस MLA, बोले- यदि किसी की भावनाएं आहत हुईं तो खेद है
लोकमान्य तिलक पुरस्कार के लिए चुने गए NSA अजीत डोभाल, 1 अगस्त को होगा सम्मान समारोह
यूके को मिला नया पीएम, एंडी बर्नहैम ने संभाली कमान; स्टार्मर की विदाई
ईरान हमले में जान गंवाने वाले बिहार के शिप इंजीनियर रोहन को गांव में दी गई अंतिम विदाई